सभी राजनीतिक दलों ने जताई अपनी सहमति
KUSHINAGAR NEWS: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदेय स्थलों के संभाजन प्रस्ताव के आलेख प्रकाशन के उपरांत प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के संबंध में आज दिनांक 18 जुलाई 2026 को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में राम अवध, जिलाध्यक्ष, समाजवादी पार्टी; केशव उपाध्याय, चुनाव प्रबंधन, भारतीय जनता पार्टी; सुभाष भास्कर, कार्यालय प्रभारी, बहुजन समाज पार्टी; धनंजय सिंह, कांग्रेस, अधिवक्ता प्रकोष्ठ; सत्येंद्र कुमार यादव, विधानसभा अध्यक्ष, आम आदमी पार्टी; राकेश कुमार पटेल, जिलाध्यक्ष, अपना दल; सैयद कमाल असगर रिजवी, प्रधान सहायक, जिला निर्वाचन कार्यालय, कुशीनगर; ब्रजभूषण प्रजापति, वरिष्ठ सहायक, जिला निर्वाचन कार्यालय, कौशलेश कुमार, वरिष्ठ सहायक, जिला निर्वाचन कार्यालय, तथा शशि कुमार मद्धेशिया, कम्प्यूटर सहायक, जिला निर्वाचन कार्यालय, कुशीनगर उपस्थित रहे। बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जनपद के मतदेय स्थलों के संबंध में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी/उप जिलाधिकारी, खड्डा सर्वेश कुमार सिंह गौड़ द्वारा विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने अवगत कराया कि मतदेय स्थलों के संबंध में कुल 15 दावे/आपत्तियां प्राप्त हुई थीं। जांचोपरांत इनमें से 02 दावे स्वीकृत किए गए तथा शेष 13 दावे अस्वीकृत किए गए। अस्वीकृति का प्रमुख कारण संबंधित मतदेय स्थलों का मिश्रित आबादी वाला क्षेत्र होना था। स्वीकृत किए गए दोनों मतदेय स्थल 333-कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित हैं। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद में पूर्व में कुल 3013 मतदेय स्थल एवं 1484 मतदान केन्द्र थे। नवीन प्रस्ताव के अनुसार जनपद में 79 मतदेय स्थल कम हुए तथा 02 मतदान केन्द्र बढ़े हैं। इसके उपरांत जनपद में कुल 2934 मतदेय स्थल एवं 1486 मतदान केन्द्र हो गए हैं। बैठक में तहसीलों से मतदेय स्थल प्रस्ताव के साथ वी.आर.सी. ऑपरेटर सलाउद्दीन अंसारी, मनोज सिंह, अमित मौर्य, बबलू चौधरी, अरविन्द कुमार तथा भरत प्रसाद भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान दावे-आपत्तियों के संबंध में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से उनकी आपत्तियां एवं सुझाव आमंत्रित किए गए। इस पर किसी भी राजनीतिक दल के प्रतिनिधि द्वारा कोई आपत्ति व्यक्त नहीं की गई तथा सभी ने प्रस्ताव पर अपनी सहमति व्यक्त की। अंत में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी उपस्थित प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक की कार्यवाही सम्पन्न घोषित की।







