KAUSHAMBI NEWS: मदर्स डे के अवसर पर कंपोजिट विद्यालय पेरई में शनिवार को भावनात्मक व रचनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए क्राफ्ट कार्य के अंतर्गत रंग-बिरंगे पेपर बुके तैयार किए और उन्हें अपनी माताओं को भेंट कर सम्मानित किया। बच्चों द्वारा बनाए गए आकर्षक बुके और माताओं के प्रति सम्मान की भावना ने कार्यक्रम को खास बना दिया। कार्यक्रम का आयोजन शिक्षिका प्रतिमा कुमारी के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने बच्चों को विभिन्न रंगीन कागजों से सुंदर बुके तैयार करने की विधि सिखाई। बच्चों ने पूरे उत्साह और लगन के साथ क्राफ्ट गतिविधियों में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह व खुशी का माहौल बना रहा। मदर्स डे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक हरिओम सिंह ने कहा कि मां बच्चों की पहली गुरु होती है और उनके व्यक्तित्व निर्माण में सबसे अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि शनिवार को आयोजित नो बैग डे गतिविधियों के अंतर्गत इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने के साथ-साथ उनमें संस्कार, सम्मान और रचनात्मक सोच विकसित करने में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में केवल पुस्तक ज्ञान ही नहीं, बल्कि नैतिक मूल्यों और पारिवारिक संस्कारों को भी बढ़ावा दिया जाना आवश्यक है। बच्चों द्वारा अपनी माताओं को स्वयं तैयार किए गए उपहार भेंट करना उनके भावनात्मक जुड़ाव और सम्मान की भावना को दर्शाता है। कार्यक्रम में उपस्थित माताओं ने भी बच्चों की कला और विद्यालय की पहल की सराहना की। इस दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक सत्यवती देवी, शिक्षिका अन्नू केसरवानी, अर्चना सिंह, चक्रपाणि मिश्र, सपना श्रीवास्तव, मिल्ला देवी, राजकुमारी व आरती सहित अभिभावक माताएं मौजूद रहीं।





