KAUSHAMBI NEWS: बिहार में हुए भरत तिवारी के एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए मंगलवार शाम को कोखराज थाना क्षेत्र के टेड़ीमोड़-शहजादपुर चौराहे पर ब्राह्मण सभा से जुड़े लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कैंडल मार्च निकालकर भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की और बिहार सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। अमरीश पांडेय के नेतृत्व में आयोजित कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर भरत तिवारी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कथित फर्जी एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए “फर्जी एनकाउंटर बंद करो” व बिहार सरकार के विरोध में नारे लगाए। सूचना पर मौके पर पहुंचे शहजादपुर चौकी प्रभारी जनार्दन सिंह ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि जनपद में धारा-163 प्रभावी है और बिना अनुमति किसी प्रकार का जुलूस व प्रदर्शन करना नियमों के विपरीत है। इस दौरान चौकी प्रभारी और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत भी हुई। प्रदर्शन में गोपाल शर्मा, अमरीश पांडेय सहित ब्राह्मण सभा के कई सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ तथा बाद में सभी लोग अपने-अपने घरों को लौट गए।







