50 हजार किसानों को मिला लाभ
MIRZAPUR NEWS: सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को राहत प्रदान करने हेतु चेक वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिले में धान की फसल को हुई क्षति के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से लगभग 50,000 किसानों को कुल ₹40.73 करोड़ की धनराशि चेक के माध्यम से वितरित की गई। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य द्वारा किसानों को चेक प्रदान किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने राहत राशि प्राप्त कर सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया और इस पहल की सराहना की। इस अवसर पर जिलाधिकारी पवन गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, कृषि उपनिदेशक विकेश पटेल सहित बड़ी संख्या में किसान एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसमें किसानों को समय पर राहत प्रदान करने की प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।







