Home उत्तर प्रदेश परियोजना का समस्त कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर कराएं पूर्णः डीएम

परियोजना का समस्त कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर कराएं पूर्णः डीएम

निर्माणाधीन वाणिज्य कर विभाग परियोजना व अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवास एवं कृषि भवन, सूचना संकुल के भूमि चिन्हांकन का डीएम ने किया आकस्मिक निरीक्षण 
JAUNPUR NEWS: जनपद में निर्माणाधीन वाणिज्य कर विभाग परियोजना एवं अधिकारियों तथा कर्मचारियों के आवास एवं कृषि भवन, सूचना संकुल के भूमि चिन्हांकन का डीएम शैलेश कुमार ने गुरुवार को आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान लगभग 8 करोड़ 25 लाख रुपए की लागत से निर्मित हो रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्यदाई संस्था पीडब्ल्यूडी भवन खंड मिर्जापुर के अधिकारियों से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परियोजना का समस्त कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर माह जून तक शत-प्रतिशत पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य शासन की मंशा के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ संपन्न होने चाहिए। डीएम ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जाए तथा समय-समय पर प्रगति की समीक्षा कर कार्य में आ रही बाधाओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जनपद के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ विभागीय कार्यों को अधिक सुव्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में प्रस्तावित मल्टीपरपज हॉल तथा अधिकारियों के लिए टाइप-4 एवं टाइप-5 आवासों के निर्माण के लिए भूमि चिन्हांकन कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए। इसके अलावा तहसील ज्ञानपुर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवास निर्माण तथा कृषि भवन, सूचना संकुल हेतु भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। इस मौके एडीएम वित्त एवं राजस्व कुंवर वीरेंद्र मौर्य, उप कृषि निदेशक डॉ.अश्वनी सिंह, एसडीएम ज्ञानपुर भानसिंह, तहसीलदार ज्ञानपुर सुनील कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।