नगरवासियों को मोबाइल फोन से स्व-गणना करने की अपील की
BHADOHI NEWS: भारत की जनगणना 2027 में 7 मई से स्व-गणना की प्रक्रिया की शुरुआत हो गई है। शुक्रवार को स्व-गणना के पहले दिन नगर पंचायत अध्यक्ष घोसिया बेबी एबरार व नगर के समस्त सभासदों ने अपने-अपने मोबाइल फोन के माध्यम से स्व-गणना की और अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष बेबी एबरार ने बताया कि भारत सरकार द्वारा इस बार जनगणना डिजिटल माध्यम से कराए जाने का निर्णय लिया गया है। 7 से 21 मई तक स्वप्रेरणा से स्व-गणना का प्रावधान किया गया है। इस अभियान के तहत लोग स्वयं वेबसाइट पर स्वप्रेरणा से अपनी जनगणना कर भारत सरकार द्वारा पहली बार लाई गई। इस अभूतपूर्व योजना, प्रक्रिया में सहभागिता प्रदान कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि स्व-गणना पोर्टल पर सभी अधिसूचित प्रश्नों के उत्तर का चयन किए जाने के पश्चात एक 11 अंकों का डिजिटल एसई आईडी जनरेट होगी। जिसे संजोकर रखना है एवं क्षेत्र के प्रगणक को उपलब्ध कराकर अपनी जनगणना पूर्ण करनी है। साथ ही स्व-गणना करते समय की फोटो अपने सोशल मीडिया, व्हाट्सएप स्टेटस पर प्रदर्शित करते हुए जन में जागरूकता प्रसारित करने में सहयोग प्रदान करें। चेयरमैन ने बताया कि यदि स्व-गणना के संबंध में लोगों को किसी प्रकार की कोई समस्या आती है, तो कंट्रोल रूम के दूरभाष पर संपर्क कर सकते है। उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्व-गणना कर इस अभियान को सफल बनाए।





