PRAYAGRAJ: सर्जन के प्रतिष्ठित संगठन “एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया (एएसआई) की प्रयागराज इकाई ने घोषणा की कि इस वर्ष पहली बार 15 जून को “सर्जन्स डे” मनाया जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर को और व्यापक रूप देने के लिए 15 जून तक “सर्जन्स सप्ताह” के रूप में मनाया जा रहा है।
अहमदाबाद में हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हताहत हुए नागरिकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई। सर्जन समाज की ओर से उन दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। सर्जन समुदाय ने इस अवसर को सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ते हुए मानवता के प्रति अपनी गहरी प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया। इस अवसर पर एएसआई के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रोबाल नियोगी, इलाहाबाद सर्जन एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सुजीत सिंह, सचिव डॉ. संजय सिंह, कोषाध्यक्ष डॉ. अभिनव अग्रवाल एवं संयुक्त सचिव डॉ. संतोष सिंह सहित अन्य गणमान्य चिकित्सक उपस्थित रहे। डॉ. प्रोबाल नियोगी ने कहा कि एक सर्जन ना केवल ऑपरेशन थियेटर में जीवन बचाता है, बल्कि समाज में भी बदलाव की बुनियाद रखता है। सर्जन्स सप्ताह, हमारे चिकित्सा योगदान के साथ-साथ सामाजिक और नैतिक दायित्वों की भी पुनः पुष्टि करने का माध्यम है। डॉ. सुजीत सिंह ने कहा कि यह सप्ताह सर्जनों को सम्मान देने का ही नहीं, बल्कि युवा चिकित्सकों को सामाजिक दायित्वों से जोड़ने का अवसर भी है। प्रयागराज की धरती से इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनना गर्व की बात है। डॉ. संजय सिंह ने बताया कि सर्जन्स सप्ताह के तहत शनिवार को रक्तदान शिविर, पौधारोपण और योग सत्र और रविवार को सर्जन्स डे,संगोष्ठी, डॉक्टर्स अवॉर्ड एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है। डॉ. अभिनव अग्रवाल और डॉ. संतोष सिंह ने कहा कि ष्सर्जरी एक विज्ञान होने के साथ-साथ सेवा का मिशन है। इस सप्ताह का उद्देश्य यही है कि जनता यह समझे कि सर्जन समाज निर्माण में सक्रिय भागीदार हैं। स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण और जनकल्याण हमारी प्राथमिकता में है। यह आयोजन केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज और चिकित्सा समुदाय के बीच एक मजबूत सेतु है। भविष्य में यह सप्ताह राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक व्यापक रूप में मनाया जाएगा।





