सीएचसी कोरांव में बेड बढ़वाने तो महिला अस्पताल के नव निर्माण व महिला चिकित्सक के तैनाती की मांग
PRAYAGRAJ NEWS: कोरांव विधायक राजमणि कोल उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक से मुलाकात कर विधानसभा की समस्याओं पर उन्होंने प्रकाश डाला है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक को कोरांव विधायक राजमणि कोल ने दो पत्र सौंपे हैं। जिनमें उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव पर बेड की कमी को बताते हुए बेड बढ़वाने की जहां मांग की है, वहीं उन्होंने नगर पंचायत कोरांव में स्थित महिला अस्पताल के नवनिर्माण की भी मांग की है। उन्होंने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक से पत्र के माध्यम से बताया है कि महिला अस्पताल के भवन जर्जर हो गए हैं। यहां पर महिला चिकित्सक की तैनाती भी नहीं है। जिससे क्षेत्रीय महिला मरीजों को कोरांव से लगभग 80 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय उपचार हेतु जाना पड़ता है। ऐसी स्थिति में उन्होंने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री से महिला अस्पताल के नवनिर्माण और महिला चिकित्सक की तैनाती कराए जाने की मांग की है। इसी तरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव में बेड की संख्या कम होने के कारण मरीजों को होने वाली दिक्कतों पर ध्यान आकृष्ट कराते हुए सीएचसी कोरांव में बेड बढ़वाने की भी मांग की है। विधायक राजमणि कोल के द्वारा दिए गए पत्र पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने विधायक राजमणि कोल को आस्वस्थ किया है कि सीएचसी कोरांव में बेड भी बढ़ेंगे और महिला अस्पताल का नवनिर्माण के साथ-साथ महिला चिकित्सक की तैनाती भी कराई जाएगी। जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।







