Home उत्तर प्रदेश संपूर्ण समाधान दिवस में 272 फरियादियों ने दर्ज कराई शिकायतें आठ का...

संपूर्ण समाधान दिवस में 272 फरियादियों ने दर्ज कराई शिकायतें आठ का हुआ निस्तारण

तहसीलदार रोशनी सोलंकी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ कार्यक्रम, कई अधिकारी रहे मौजूद
PRAYAGRAJ NEWS: शनिवार को तहसील सभागार कोरांव में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर बाद 2 बजे तक तहसीलदार रोशनी सोलंकी की अध्यक्षता में किया गया। जहां कुल 272 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराई। प्राप्त शिकायतों में आठ का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। पड़रिया गांव में जले हुए ट्रांसफार्मर की शिकायत यादवेंद्र अहीर ने दर्ज कराई। जिस पर तहसीलदार रोशनी सोलंकी ने तत्काल एसडीओ विद्युत चंद्रशेखर आजाद को निर्देशित किया कि तत्काल ट्रांसफार्मर लगवा दिया जाए। एसडीओ ने तत्काल ट्रांसफार्मर लगवा दिया। संपूर्ण समाधान दिवस में नायब तहसीलदार राम मूरत, सहायक विकास अधिकारी पंचायत विवेक मिश्रा, सीएचसी अधीक्षक डॉ केबी सिंह, थाना प्रभारी कोरांव राकेश कुमार वर्मा समेत कई अन्य अधिकारियों ने आए हुए फरियादियों की शिकायतें सुनी। संपूर्ण समाधान दिवस में सर्वाधिक शिकायतें राजस्व विभाग की 112, पुलिस विभाग की 46, विकास विभाग की 42, शिक्षा विभाग की एक, समाज कल्याण विभाग की दो तथा 69 शिकायतें अन्य विभागों की दर्ज की गई। वहीं स्वास्थ्य विभाग से कोई भी शिकायत नहीं मिली। तहसीलदार रोशनी सोलंकी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जो भी शिकायतें प्राप्त हुई हैं। उन शिकायतों का समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना सुनिश्चित करें। किसी भी शिकायत में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। संपूर्ण समाधान दिवस में शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, बिजली, कृषि समेत सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।