PRAYAGRAJ NEWS: पुलिस आयुक्त जोगेन्द्र कुमार के निर्देशन में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना घूरपुर के प्रभारी( SHO) दिनेश सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर एक पक्षीय कार्रवाई करने, निर्दोष लोगों को थाने लाकर अवैध रूप से हिरासत में रखने तथा शिकायतकर्ता के साथ अन्यायपूर्ण व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगे हैं। जानकारी के अनुसार, ग्राम सेन्धूवार निवासी कमलेश विश्वकर्मा ने थाना घूरपुर के प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह के खिलाफ शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रभारी निरीक्षक ने एक विवाद में निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय एक पक्ष का अनुचित समर्थन किया और तीन लोगों को बिना पर्याप्त आधार के थाने लाकर हिरासत में रखा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त यमुनानगर के निर्देश पर जांच सहायक पुलिस आयुक्त बारा वेद व्यास मिश्रा को सौंपी गई। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच और आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया कि पूर्व में भी सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए थे कि बिना अपराध अथवा पर्याप्त कारण के किसी भी व्यक्ति को थाने पर न लाया जाए। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी किए जाने को गंभीर अनुशासनहीनता माना गया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था और पुलिस की निष्पक्ष छवि बनाए रखने के लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही या मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।







