KAUSHAMBI NEWS: कोखराज थाना क्षेत्र के ककोढ़ा ओवरब्रिज पर गुरुवार सुबह ईंट लादकर जा रहे ट्रैक्टर से गिरने के बाद ट्रॉली के पहिए के नीचे आने से एक मजदूर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है। जानकारी के अनुसार कोखराज के अमहा गांव निवासी 18 वर्षीय अंकित पटेल पुत्र अनिलेश पटेल ईंट भट्ठे से ईंट लादकर कल्यानपुर की ओर जा रहे ट्रैक्टर पर मजदूरी कर रहा था। बताया गया कि वह ट्रैक्टर के बोनट पर बैठा था। ककोढ़ा ओवरब्रिज पर पहुंचते ही ट्रैक्टर में अचानक झटका लगने से वह नीचे गिर गया और ट्रॉली के पहिए की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोखराज पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई। बाद में क्षेत्राधिकारी सिराथू सत्येंद्र तिवारी भी घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर चालक साहिल पुत्र रामबरन निवासी अमहा से पूछताछ की जा रही है। क्षेत्राधिकारी सिराथू ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।







