KAUSHAMBI NEWS: कोखराज थाना क्षेत्र के कल्यानपुर स्थित जियो पेट्रोल पंप के सामने नेशनल हाईवे पर बुधवार रात करीब 10:45 बजे प्रयागराज से कानपुर की ओर जा रहा एक कंटेनर आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से घुस गया। हादसा इतना भीषण था कि कंटेनर का अगला हिस्सा ट्रेलर के पिछले हिस्से में समा गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। गंभीर रूप से घायल चालक को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक चालक की पहचान मोहित कुमार पुत्र लव सिंह, निवासी पकोड़ा कला, थाना इटखोरी, झारखंड के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कंटेनर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत व बचाव कार्य शुरू किया। चालक को बाहर निकालने के लिए दोनों वाहनों को लोहे की तारों व अन्य उपकरणों की मदद से विपरीत दिशा में खींचा गया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला जा सका। इसके बाद उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद लगभग आधे घंटे तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे कराकर यातायात को सुचारु कराया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो गया। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।





