JAUNPUR NEWS: शहर कोतवाली पुलिस और बदमाश के बीच बुधवार देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर फायरिंग करने वाला हत्या के प्रयास समेत कई मामलों में वांछित शातिर अपराधी नफीस घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, बाइक और नकदी बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। बेगमगंज चुंगी के पास मुखबिर से सूचना मिली कि एक बदमाश तूतीपुर पीपा पुल होते हुए किसी वारदात को अंजाम देने आने वाला है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तूतीपुर चौराहे पर घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद बाइक सवार एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वह बाइक मोड़कर भागने लगा, लेकिन रेत और लोहे की चादर पर फिसलकर गिर पड़ा। गिरते ही उसने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। बताया जा रहा है कि गोली प्रभारी निरीक्षक की कनपटी के पास से निकल गई। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश घायल हो गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान नफीस पुत्र मोहम्मद रफीक निवासी सिपाह थाना कोतवाली के रूप में हुई। पुलिस ने उसके पास से .315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा, एंड्रॉयड मोबाइल और 540 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह चोरी, लूट और छिनैती जैसी वारदातों को अंजाम देता था तथा सुपारी लेकर भी अपराध करता था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





