Home उत्तर प्रदेश जिला स्वच्छता समिति, अन्नपूर्णा भवन एवं प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजनाओं की समीक्षा बैठक...

जिला स्वच्छता समिति, अन्नपूर्णा भवन एवं प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न

KUSHINAGAR NEWS: मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला स्वच्छता समिति, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) तथा अन्नपूर्णा भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में जनपद में संचालित स्वच्छता अभियानों, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक मुक्त अभियान तथा ग्राम पंचायतों में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्वच्छता मानकों का प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कूड़ा निस्तारण, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों के निर्माण, रखरखाव एवं नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी योजना न होकर जनसहभागिता से जुड़ा व्यापक जनआंदोलन है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने स्वच्छता अभियान के अंतर्गत जनजागरूकता कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण एवं सत्यापन, सामुदायिक शौचालयों की प्रगति, रेट्रोफिटिंग कार्य, न्यूनतम व्यय करने वाली ग्राम पंचायतों की समीक्षा, ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापना, जन योजना अभियान सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सचिवों एवं ग्राम प्रधानों से कार्यों की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
साप्ताहिक समीक्षा बैठक के अंतर्गत जिला स्वच्छता समिति, दिव्यांगजन समिति तथा अन्नपूर्णा भवन निर्माण कार्यों में तेजी लाने हेतु भी आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान जिन विकास खण्डों में निर्माण कार्य प्रारम्भ नहीं कराया गया है, वहां के संबंधित खण्ड विकास अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक ग्राम पंचायत को “आदर्श स्वच्छ ग्राम” के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। बैठक में ब्लॉक प्रमुख विशुनपुरा विंध्यवासिनी राय,परियोजना निदेशक पियूष, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार पांडेय, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक प्रियदर्शी, डीसी मनरेगा राकेश, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी श्रवण कुमार सहित जनपद स्तरीय अधिकारी, सभी खण्ड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।