Home उत्तर प्रदेश जिला ओलंपिक संघ प्रयागराज की बैठक संपन्न.अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर शहर में...

जिला ओलंपिक संघ प्रयागराज की बैठक संपन्न.अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर शहर में प्रयागराज ओलंपिक गेम्स को कराने को लेकर विस्तृत चर्चा

प्रयागराज : शहर के स्थानीय कुलभास्कर आश्रम स्नातकोत्तर महाविद्यालय के शारिरिक शिक्षा विभाग में मंगलवार, 23 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर जिला ओलंपिक संघ,प्रयागराज के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण आकस्मिक बैठक आहूत की गई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिला ओलंपिक संघ,प्रयागराज के अध्यक्ष व अधिवक्ता उच्च न्यायालय सुशील मिश्रा ने जिले के समस्त खिलाडियों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उक्त बैठक में इस वर्ष प्रयागराज ओलंपिक गेम्स 2026 के आयोजन को लेकर, ओलंपिक भावना, विश्व बंधुत्व और खेलों के माध्यम से एकता को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा हुई। उक्त अवसर पर बैठक में ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महोदय के अतिरिक्त वरिष्ठ उपाध्यक्ष नारायण जी गोपाल, उपाध्यक्ष प्रो.पवन कुमार पचौरी ने भी अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस की बधाइयां दी। सभी सदस्यों ने ओलंपिक अभियान को प्रयागराज जनपद में और अधिक मजबूती से फैलाने तथा विभिन्न ओलंपिक संबंधित आयोजनों को आयोजित करने की दिशा में सकारात्मक चर्चा की। एसोसिएशन के सचिव आर.पी.शुक्ला ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस प्रतिवर्ष 23 जून को मनाया जाता है। यह दिन 1894 में पेरिस के सोरबोन विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) की स्थापना की याद में मनाया जाता है, जिसने आधुनिक ओलंपिक खेलों की नींव रखी। उन्होंने कहा कि ओलंपिक रिंग पाँच महाद्वीपों की एकता का प्रतीक हैं और खेलों के माध्यम से विश्व बंधुत्व को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने, जिला स्तर पर ओलंपिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने और स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को निखारने के संकल्प दोहराए। प्रयागराज जिला ओलंपिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं कुलभास्कर आश्रम स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शारीरिक शिक्षा एवं योग विभाग के अध्यक्ष प्रो.पवन कुमार पचौरी ने अपने वक्तव्य में कहा कि 1948 में पहली बार अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस मनाया गया था। तब से यह दिन विश्व स्तर पर खेल भावना, स्वास्थ्य, फिटनेस और ओलंपिक मूल्यों, उत्कृष्टता, मित्रता तथा सम्मान को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है। महाविद्यालय के प्रबंधक चौधरी जीतेन्द्र नाथ सिंह जी एवं प्राचार्य गीतांजलि मौर्य ने बैठक की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की और भविष्य में ऐसे आयोजनों के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। उक्त बैठक ओलंपिक आंदोलन को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में एक सार्थक कदम साबित होगी। अंत में प्रयागराज ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील मिश्रा ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि प्रयागराज में ओलंपिक संस्कृति को मजबूत करने के लिए जल्द ही विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर प्रयागराज ओलंपिक गेम्स 2026 का बड़ा आयोजन होगा। उक्त अवसर पर एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष डॉ.जय प्रकाश शर्मा, नेशनल रेफरी अल्ताफ अली, प्रेम कुमार पांडेय (चेयरमैन कबड्डी संघ), धर्मेंद्र मिश्रा, पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जॉर्डन एच.नाथ, रवि तिवारी, कमलेश कुमार, बृजेश सिंह, नेहा पांडेय, अतुल कुमार, मुकेश शुक्ला, विनोद कुमार, मनीष कुमार, सर्वेश सिंह, राकेश कुमार आदि कई खेल संघों के पदाधिकारीगण उपस्थित रहें।।