JHANSI NEWS: पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने जिला अस्पताल में व्याप्त अनेक अव्यवस्थाओं को लेकर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. आर के सक्सेना से मिलकर इस गर्मी के मौसम में विद्युत आपूर्ति बाधित होने से मरीजों को हो रही तकलीफ, दलाली प्रथा, बाहर की दवाईयां लिखे जाने,मरीजों को दिये जाने वाले खाने की गुणवत्ता मानक के अनुरूप न होने, एन आर एच एम कर्मचारियों का तीन माह से वेतन न मिलने,अल्ट्रा साउंड की एक ही मशीन होने से मरीजों को हो रही परेशानी जैसी समस्याओं में सुधार की मांग की। जब पूर्व मंत्री अस्पताल में दलाली और बाहर की दवाइयां लिखे जाने की शिकायत कर रहे थे। इसी दौरान अस्पताल के एक कर्मचारी द्वारा कैंसर से पीड़ित अपने पति की जांच कराने आई एक महिला से अस्पताल में होने वाली निःशुल्क जांच की जगह बाहर से जांच करने के नाम पर पैसा लिए जाने का प्रकरण सामने आया । महिला की लिखित शिकायत पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने उक्त कर्मचारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा.आर के सक्सेना ने व्यवस्था में सुधार के लिए जल्द आवश्यक कदम उठाए जाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर अमीर चंद आर्य, पूर्व पार्षद अब्दुल जाबिर व मेवालाल भंडारिया आदि मौजूद रहे।







