Home उत्तर प्रदेश जिलाधिकारी के नेतृत्व में स्कूलों में मना ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’, बच्चों ने...

जिलाधिकारी के नेतृत्व में स्कूलों में मना ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’, बच्चों ने जाना भारतीय गौरव का इतिहास

JAUNPUR NEWS: जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. के नेतृत्व में शासन के निर्देश पर सोमवार को जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास और भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत से परिचित कराया गया। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसी क्रम में उन्होंने नगर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पुलिस लाइन, जौनपुर में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की।
विद्यालय में निबंध लेखन, चित्रकला, नृत्य प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम और ध्यान-साधना जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय संस्कृति, स्वाभिमान और राष्ट्रगौरव से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से सोमनाथ मंदिर के इतिहास, उसके पुनर्निर्माण और भारतीय अस्मिता से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी दी गई। बच्चों ने रुचिपूर्वक ऐतिहासिक जानकारियों को समझा और प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्रधानाध्यापिका के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सहायक अध्यापकों और विद्यालय स्टाफ की सक्रिय भागीदारी रही। शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के नैतिक, सांस्कृतिक और देशभक्ति मूल्यों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पूरे विद्यालय परिसर में भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को प्रोत्साहन एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।