Home उत्तर प्रदेश जल जीवन मिशन के निर्माण कार्य पर उठे सवाल

जल जीवन मिशन के निर्माण कार्य पर उठे सवाल

जल जीवन मिशन की पानी टंकी निर्माण में घटिया सामग्री के प्रयोग का आरोप, ग्राम प्रधान ने जताई आपत्ति

PRATAPGARH NEWS: केंद्र और प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत विकासखंड बिहार की ग्राम पंचायत फूलपुरमौरी में निर्माणाधीन पानी टंकी भवन के कार्यों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों और ग्राम प्रधान द्वारा निर्माण कार्य में मानक विहीन सामग्री के प्रयोग का आरोप लगाया गया है।
ग्राम प्रधान राम प्रताप यादव ने बताया कि पानी टंकी भवन के निर्माण में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे भवन की मजबूती और योजना की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लग रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इसकी जांच नहीं कराई गई तो भविष्य में बड़ा नुकसान हो सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जब संबंधित विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) राकेश से जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि शिकायत की जांच कराई जाएगी और यदि कहीं भी मानक विहीन कार्य पाया गया तो उसे तत्काल सही कराया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का दावा कर रही है, लेकिन यदि निर्माण कार्यों में ही लापरवाही बरती जाएगी तो योजना के उद्देश्य पर पानी फिर सकता है। अब देखना यह होगा कि विभागीय जांच के बाद निर्माण एजेंसी के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है और निर्माण कार्य को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराया जाता है या नहीं।