Home उत्तर प्रदेश जमुवारी में ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जे पर चला प्रशासन...

जमुवारी में ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जे पर चला प्रशासन का बुलडोजर

MIRZAPUR NEWS: जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देश पर शुक्रवार को सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत जमुवारी (थाना कछवां) में ग्राम सभा की भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासन ने जेसीबी मशीन से कब्जा ध्वस्त कर भूमि को कब्जामुक्त कराया। प्रशासन के अनुसार ग्राम सभा की बंजर भूमि गाटा संख्या 183, रकबा 0.787 हेक्टेयर के आंशिक हिस्से पर अवैध कब्जा किया गया था। इस संबंध में तहसीलदार सदर विशाल शर्मा की अदालत से पूर्व में बेदखली का आदेश पारित किया जा चुका था।
उपजिलाधिकारी सदर गुलाब चंद्र के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही। ग्राम प्रधान शंभूनाथ पाठक भी लंबे समय से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रयासरत थे। ध्वस्तीकरण के दौरान नायब तहसीलदार अरविंद पांडेय, कानूनगो नगीना सिंह, राजस्व निरीक्षक राजेंद्र भारती तथा थाना प्रभारी कछवां अमरजीत चौहान पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कब्जाधारकों में हड़कंप की स्थिति देखी गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी और ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।