Home उत्तर प्रदेश भारत को जानो परीक्षा में विद्यार्थियों ने परखी भारतीय संस्कृति और विरासत...

भारत को जानो परीक्षा में विद्यार्थियों ने परखी भारतीय संस्कृति और विरासत की समझ

JHANSI NEWS: भारत विकास परिषद मुख्य शाखा झांसी के तत्वावधान में विभिन्न विद्यालयों में ‘भारत को जानो’ अखिल भारतीय लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को देश की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं भौगोलिक विरासत से परिचित कराना और उनमें भारत के प्रति ज्ञान, गौरव एवं संस्कार की भावना विकसित करना रहा। भारत विकास परिषद मुख्य शाखा झांसी के अध्यक्ष अमित सराय की अध्यक्षता तथा आचार्य राकेश मिश्रा, प्रधानाचार्य महाराजा अग्रसेन सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, शिवपुरी रोड, झांसी, नरेंद्र पसतौर, प्रधानाचार्य सरस्वती इंटर कॉलेज, एसआईसी, सीपरी बाजार, झांसी एवं श्रीमती कल्पना सिंह, प्रधानाचार्य सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, दतिया गेट बाहर, झांसी के आतिथ्य में संबंधित विद्यालयों में परीक्षा कराई गई। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष अमित सराय ने कहा कि भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित ‘भारत को जानो’ परीक्षा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत के गौरवशाली इतिहास, विविधतापूर्ण संस्कृति, परंपराओं, महापुरुषों, भौगोलिक विशेषताओं तथा देश की समृद्ध विरासत की जानकारी प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति गौरव और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है। परीक्षा के आयोजन में गतिविधि संयोजक संस्कार वीरेंद्र गुप्ता एवं संयोजक अनूप खन्ना का विशेष योगदान रहा। दोनों के संयोजन में परीक्षा को व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भी परीक्षा के आयोजन में उत्साहपूर्वक सहयोग किया। परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में अनिल कुमार तिवारी एवं डॉ. के.एम. अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने कहा कि विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से यह स्पष्ट हुआ कि युवा पीढ़ी देश के इतिहास, संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं को जानने के प्रति उत्सुक है। कार्यक्रम के अंत में भारत विकास परिषद मुख्य शाखा झांसी के शाखा सचिव विनय जैन ने परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, परीक्षा आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।