पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों को पिलाया शीतल जल व शर्बत
FATEHPUR NEWS: ज्येष्ठ मास के छठे मंगल के अवसर पर मंगलवार को इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी फतेहपुर के तत्वावधान एवं डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयोजकत्व में पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने आए अभ्यर्थियों एवं राहगीरों के लिए शीतल जल एवं शर्बत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजकीय इंटर कॉलेज के सामने आयोजित इस सेवा कार्यक्रम का नेतृत्व इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी फतेहपुर के चेयरमैन एवं उत्तर प्रदेश रेड क्रॉस सोसाइटी के कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम के दौरान अन्य जनपदों से आए बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों तथा राहगीरों को शीतल जल और शर्बत वितरित किया गया। सेवा कार्य से लाभान्वित हुए परीक्षार्थियों एवं आमजन ने रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा किए गए इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कार्यकारिणी सदस्य चैतन्य कुमार, प्रबंध समिति सदस्य उमेश कुमार श्रीवास्तव, सुरेश कुमार श्रीवास्तव, हिमांशु श्रीवास्तव तथा आजीवन सदस्य अभिनव श्रीवास्तव, पद्माक्ष यादव एवं प्रेमचंद्र मौर्य सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।







