Home उत्तर प्रदेश कसया में ई-रिक्शा का मनमाना संचालन बना सिरदर्द, जाम और हादसों का...

कसया में ई-रिक्शा का मनमाना संचालन बना सिरदर्द, जाम और हादसों का बढ़ा खतरा

नाबालिग भी चला रहे वाहन, यातायात नियमों की अनदेखी से आमजन परेशान, जांच और स्टैंड तय करने की मांग
KUSHINAGAR NEWS: कसया नगर क्षेत्र में ई-रिक्शा चालकों की बढ़ती संख्या और यातायात नियमों की अनदेखी से आमजन को भारी परेशानी हो रही है। नगर के प्रमुख बाजारों, चौराहों और सड़कों पर ई-रिक्शा चालकों द्वारा मनमाने तरीके से वाहन खड़ा करने और सवारी बैठाने से आए दिन जाम लग रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई ई-रिक्शा चालक क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर वाहन चलाते हैं। कुछ चालक सड़क के बीच में ही ई-रिक्शा रोककर सवारी उतारने-बैठाने लगते हैं। इससे राहगीरों, दुकानदारों और अन्य वाहन चालकों को दिक्कत होती है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। सबसे गंभीर बात यह है कि नगर में कुछ नाबालिग बच्चों द्वारा भी ई-रिक्शा चलाए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। अनुभव और यातायात नियमों की जानकारी न होने के कारण हादसे का खतरा और बढ़ गया है।
नागरिकों की मांग
कसया के जागरूक नागरिकों ने जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और यातायात-परिवहन विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि:

1. विशेष अभियान ई-रिक्शा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के कागजात और चालक की उम्र की जांच की जाए।
2. नाबालिगों पर रोक नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा चलाए जाने की शिकायतों की जांच कर कड़ी कार्रवाई हो।
3.  स्टैंड तय हों  नगर के प्रमुख चौराहों और बाजारों में ई-रिक्शा के लिए निर्धारित स्थान तय किए जाएं ताकि जाम की स्थिति न बने।
लोगों का कहना है कि ई-रिक्शा आम जनता के लिए सुविधाजनक साधन है, लेकिन नियमों का पालन सुनिश्चित किए बिना इसका संचालन परेशानी और दुर्घटना का कारण बन सकता है। नागरिकों ने अपील की है कि कसया में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जल्द अभियान चलाकर नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए।