Home उत्तर प्रदेश तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दूसरा युवक...

तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दूसरा युवक विदेश जाने से पहले घायल

NH-28 पर मधुरिया चौहान पट्टी के पास हादसा, एक की मौत, दूसरा गोरखपुर में जीवन-मौत से जूझ रहा
KUSHINAGAR NEWS: कसया कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल होकर जीवन-मौत से जूझ रहा है। घायल युवक इसी 30 जुलाई को विदेश जाने वाला था। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगरपालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड नंबर 15 वीर सावरकर नगर सबया निवासी इसहाक आलम पुत्र असगर अली (26) बाइक से फाजिलनगर गया था और देर रात वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-28 पर मधुरिया चौहान पट्टी के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने ओवरटेक करते समय उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
इस हादसे में दूसरी बाइक सवार सरैया महंथ पट्टी, थाना चौरा खास फाजिलनगर निवासी प्रदीप कुशवाहा पुत्र सुरेन्द्र कुशवाहा (45) भी घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों बाइक आगे-पीछे चल रही थीं। टक्कर के बाद प्रदीप बीच सड़क पर गिर गए जबकि इसहाक की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखे बेंच से टकरा गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को फाजिलनगर CHC पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया। वहीं इसहाक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
परिजनों ने बताया कि इसहाक का इलाज गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य के घायल होने से पूरे परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात ट्रक की तलाश कर रही है।