KAUSHAMBI NEWS: सैनी कोतवाली क्षेत्र के अटसराय गांव में ग्राम पंचायत की सरकारी संपत्ति पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। बीती रात ग्राम पंचायत द्वारा संचालित कूड़ा संग्रहण वाहन से अज्ञात चोर बैटरी चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी अगले दिन सुबह उस समय हुई, जब वाहन को नियमित कार्य के लिए तैयार किया जा रहा था। बैटरी गायब मिलने पर ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों में हड़कंप मच गया।घटना की सूचना मिलने पर प्रधान प्रतिनिधि राकेश मौर्य ने मामले की जानकारी जुटाई और सैनी कोतवाली पहुंचकर पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपा। उन्होंने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि ग्राम पंचायत के उपयोग में आने वाली सरकारी कूड़ा गाड़ी से अज्ञात व्यक्ति बैटरी चोरी कर ले गए हैं, जिससे गांव में साफ-सफाई का कार्य प्रभावित होने की आशंका है।प्रधान प्रतिनिधि ने पुलिस से चोरी की घटना की निष्पक्ष जांच कर अज्ञात चोरों की पहचान करने, बैटरी बरामद कराने तथा दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी संपत्ति की चोरी चिंता का विषय है और ऐसी घटनाओं पर शीघ्र अंकुश लगाया जाना आवश्यक है।फिलहाल सैनी पुलिस को प्रार्थना पत्र दे दिया गया है। मामले में जांच के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।







