Home उत्तर प्रदेश गोरीशंकर कुशवाहा हत्याकांड को लेकर मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच व आर्थिक सहायता...

गोरीशंकर कुशवाहा हत्याकांड को लेकर मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच व आर्थिक सहायता की मांग

ऋषभ झा की पहल पर पिछड़ा वर्ग आयोग ने लिया संज्ञान, मुख्यमंत्री को भेजा पत्र
JHANSI NEWS: पाल कॉलोनी, शिवानी होटल के पास निवासी स्वर्गीय गोरीशंकर कुशवाहा की निर्मम हत्या के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने पहल तेज कर दी है। विश्व हिन्दू महासंघ के जिलाध्यक्ष ऋषभ झा ने इस गंभीर मामले को उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य रामाशंकर साहू के संज्ञान में लाया। मामले की जानकारी मिलने के बाद रामाशंकर साहू ने तत्काल फोन पर पूरे प्रकरण की जानकारी प्राप्त की और पीड़ित परिवार की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। इसके उपरांत उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य रामाशंकर साहू ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा मृतक की पत्नी श्रीमती सुमन कुशवाहा एवं उनके परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। अपने पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि श्रीमती सुमन कुशवाहा पत्नी स्वर्गीय गौरी शंकर कुशवाहा निवासी पाल कॉलोनी, सिमरधा, झांसी ने अपने पति की हत्या के बाद न्याय और परिवार के भरण-पोषण हेतु शासन से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि मामले की जांच किसी सक्षम अधिकारी से कराकर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए तथा आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार को राहत प्रदान की जाए। रामाशंकर साहू ने कहा कि किसी भी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई से ही समाज में कानून के प्रति विश्वास मजबूत होगा।