एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने स्वामियों को सौंपे मोबाइल, सर्विलांस टीम की मेहनत की सराहना
JHANSI NEWS: झांसी पुलिस ने एक बार फिर जनसेवा और संवेदनशील पुलिसिंग का उदाहरण प्रस्तुत किया है। शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने 203 खोए हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। करीब 38 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक उठी।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि जिले के विभिन्न थानों में दर्ज मोबाइल गुम होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें सर्विलांस टीम को भेजा गया था। टीम ने लगातार तकनीकी प्रयास करते हुए कुल 308 मोबाइल फोन बरामद किए। इनमें से 203 मोबाइल फोन के स्वामियों को बुलाकर शुक्रवार को उनके सुपुर्द किया गया। मोबाइल प्राप्त करने पहुंचे लोगों ने झांसी पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल वापस मिल सकेगा। पुलिस की तत्परता और तकनीकी दक्षता के चलते उनकी वर्षों पुरानी यादें, महत्वपूर्ण दस्तावेज और संपर्क सुरक्षित वापस मिल गए। कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने सर्विलांस टीम की सराहना करते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान और उनकी संपत्ति की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
झांसी पुलिस की इस उल्लेखनीय सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि यदि शिकायतों पर गंभीरता से कार्य किया जाए तो आमजन को त्वरित राहत मिल सकती है। पुलिस की इस जनहितकारी पहल की नगर भर में सराहना हो रही है।







