JHANSI NEWS: महारानी लक्ष्मीबाई (एमएलबी) मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग एवं झांसी एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को 20वीं आई एपी पीजी क्विज़ प्रतियोगिता का सफल आयोजन विभाग के सेमिनार हॉल में किया गया। प्रतियोगिता में स्नातकोत्तर (पीजी) विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बाल रोग विषय से जुड़े विभिन्न शैक्षणिक एवं क्लीनिकल प्रश्नों का उत्तर देकर अपनी प्रतिभा, ज्ञान और त्वरित निर्णय क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. कार्यक्रम का शुभारंभ झांसी एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स की अध्यक्ष डॉ. सपना गुप्ता के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक प्रतियोगिताएं युवा चिकित्सकों को अपने ज्ञान को परखने और चिकित्सा क्षेत्र की नवीनतम जानकारी से स्वयं को अद्यतन रखने का अवसर प्रदान करती हैं। मुख्य अतिथि एवं मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि मेडिकल शिक्षा में ऐसी अकादमिक प्रतियोगिताओं का विशेष महत्व है। इससे विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है, आत्मविश्वास बढ़ता है तथा जटिल परिस्थितियों में त्वरित एवं सटीक निर्णय लेने की क्षमता का विकास होता है। मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. नूतन अग्रवाल ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर अध्ययन एवं शोध कार्यों में सक्रिय रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। बाल रोग विभागाध्यक्ष एवं आईएपी के राष्ट्रीय क्विज़ कोऑर्डिनेटर डॉ. जी.एस. चौधरी ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक विश्लेषण और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को मजबूत करती हैं। रोमांचक मुकाबले के बाद डॉ. अभिषेक मेहता एवं डॉ. महिपाल की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। अब यह टीम आगरा में आयोजित होने वाले डिविजनल राउंड में झांसी का प्रतिनिधित्व करेगी। प्रतियोगिता का संचालन क्विज़ मास्टर के रूप में डॉ. अराधना कनकने एवं डॉ. नूपुर पांडेय ने किया। कार्यक्रम में डॉ. ओमशंकर चौरसिया, डॉ. अनुज सेठी, डॉ. कवलप्रीत छाबड़ा, डॉ. दीपक सिंह, डॉ. तरणप्रीत भुसारी सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सक, संकाय सदस्य, सीनियर एवं जूनियर रेजिडेंट उपस्थित रहे। अंत में डॉ. दीपक सिंह ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वालों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।







