Home उत्तर प्रदेश गुरौली में खेत बचाओ अभियान जागरूकता शिविर संपन्न

गुरौली में खेत बचाओ अभियान जागरूकता शिविर संपन्न

KAUSHAMBI NEWS: कृषि विज्ञान केंद्र, कौशांबी एवं कृषि विभाग, कौशांबी के संयुक्त तत्वावधान में विकास खंड सरसवां के गुरौली गांव में शनिवार को “खेत बचाओ अभियान” के अंतर्गत किसान जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि विज्ञान केंद्र के मृदा वैज्ञानिक डा. मनोज कुमार सिंह ने कहा कि मृदा परीक्षण आधारित संतुलित उर्वरकों का प्रयोग ही टिकाऊ कृषि एवं बेहतर उत्पादन का आधार है। उन्होंने किसानों को संतुलित उर्वरक प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा जैव उर्वरकों के उपयोग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
डा. सिंह ने हरी खाद के प्रयोग को बढ़ावा देने पर बल देते हुए कहा कि इससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति में वृद्धि होती है तथा रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम होती है। उन्होंने जिप्सम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसमें कैल्शियम एवं सल्फर प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं,जो फसलों की गुणवत्ता सुधारने, दानों को सुडौल एवं चमकदार बनाने तथा तिलहनी फसलों में तेल की मात्रा बढ़ाने में सहायक होते हैं,साथ ही प्राकृतिक खेती के विभिन्न आयामों पर भी विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर ए.टी.एम. संदीप कुमार सिंह ने बीज पंजीकरण, फार्मर रजिस्ट्री, पोषक तत्व प्रबंधन तथा वर्मीकम्पोस्ट उत्पादन एवं उपयोग की जानकारी दी। वहीं कृष्ण कुमार (टी.ए.सी.) ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एवं पीएम-कुसुम योजना के लाभों से अवगत कराया। कार्यक्रम के अंत में बी.टी.एम. अनिल कुमार सिंह ने उपस्थित किसानों, वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।