Home उत्तर प्रदेश खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत मखऊपुर में कृषक जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत मखऊपुर में कृषक जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

KAUSHAMBI NEWS: कृषि विभाग द्वारा संचालित खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत विकास खंड नेवादा के मखऊपुर में मंगलवार को कृषक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को धान की नर्सरी की बुवाई एवं देखभाल, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, संतुलित उर्वरक प्रयोग, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा खरीफ फसलों की उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई। किसानों को फसलों की नियमित निगरानी कर समय रहते समस्याओं के समाधान हेतु जागरूक किया गया। इस अवसर पर डा. मनोज कुमार सिंह, मृदा वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र, कौशाम्बी ने मृदा परीक्षण के महत्व, संतुलित पोषण प्रबंधन तथा धान की नर्सरी एवं मुख्य खेत में उर्वरकों के वैज्ञानिक उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी। विजय सिंह (एडीओ पीपी) ने फसलों में लगने वाले प्रमुख कीट एवं रोगों की पहचान तथा उनके समेकित प्रबंधन के उपाय बताए। रोहित कुमार (टीएसी) ने खेत बचाओ अभियान के उद्देश्यों एवं फसल सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं, जबकि जगराम (एटीएम) ने किसानों को विभागीय योजनाओं एवं कृषि तकनीकों के बारे में अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने कृषि विशेषज्ञों से अपनी समस्याओं से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका वैज्ञानिक समाधान प्रदान किया गया। अंत में किसानों से अपने खेतों का नियमित निरीक्षण करने, कीट एवं रोगों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान कर नियंत्रण उपाय अपनाने तथा कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र से निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया गया।