KAUSHAMBI NEWS: तहसील सिराथू क्षेत्र के भदवा गांव निवासी किसान राम भवन पुत्र बैजनाथ ने लेखपाल पर रिश्वत मांगने, अभद्रता करने, मोबाइल फोन तोड़ने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए थाना सैनी में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित की तहरीर के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।राम भवन द्वारा पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार वह अपनी जमीन से संबंधित अभिलेखों में पता दर्ज कराने के लिए तहसील सिराथू गया था। आरोप है कि संबंधित लेखपाल ने कार्य कराने के नाम पर पांच हजार रुपये की मांग की। किसान का कहना है कि उसका मोबाइल फोन जेब में रखा था, जिस पर लेखपाल को संदेह हो गया कि वह वीडियो बना रहा है। इसी बात से नाराज होकर लेखपाल ने उसका मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे मोबाइल क्षतिग्रस्त हो गया।पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद लेखपाल और वहां मौजूद अन्य लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज की तथा मारपीट भी की। शिकायत पत्र में यह भी कहा गया है कि उसे धमकाते हुए तहसील में दिखाई न देने की चेतावनी दी गई। किसी तरह जान बचाकर वह वहां से निकला और थाना सैनी पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दी। राम भवन ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।पीड़ित किसान का कहना है कि सरकारी कर्मचारियों द्वारा आम लोगों के साथ इस प्रकार का व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है और उसे न्याय की उम्मीद है। अब इस मामले में पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।







