PRATAPGARH NEWS: हादसे मे घायल अधिवक्ता जागृति शुक्ला की इलाज के दौरान हुई मौत को लेकर मंगलवार को यहां अधिवक्ताओ मे शोक छा गया। प्रयागराज मेडिकल कालेज के ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान लापरवाही के आरोप को लेकर महिला अधिवक्ता की मौत से साथियों मे गुस्सा भी देखा गया। तहसील सभागार मे साथियो ने शोक सभा कर श्रद्धांजलि अर्पित की। वही आल इण्डिया रूरल बार एसोसिएसन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने अधिवक्ता जागृति शुक्ला की मौत को लेकर सरकार से पूरे घटनाचक्र की न्यायिक जांच कराए जाने की मांग उठाई है। शोक सभा की अध्यक्षता संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजेशचंद्र तिवारी व संचालन महामंत्री शिवरंजन यादव ने किया। इस मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष अबरार अहमद, उपाध्यक्ष नामवर सिंह, हरिश्चंद्र पाण्डेय, सुमित त्रिपाठी, घनश्याम मिश्र आदि रहे। इधर अधिवक्ता जागृति शुक्ला की मौत को लेकर चिकित्सीय लापरवाही के मामले मे आल इण्डिया रूरल बार एसोसिएसन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल व महासचिव अनिल त्रिपाठी महेश ने मंगलवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर न्यायिक जांच की मांग उठाई है। वहीं ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने कहा कि न्यायिक संस्थाओ को अधिवक्ता संगठनों पर हडताल की घेराबंदी की जगह ऐसी घटनाओ मे प्रभावी कार्रवाई के लिए स्वतः संज्ञान लिए जाने की भी पहल करनी चाहिए।





