एलआईसी शाखा बिंदकी में संगठन की बैठक में हुआ सर्वसम्मति से चयन
अभिकर्ताओं के हितों की रक्षा और संगठन को मजबूत बनाने पर हुई चर्चा
FATEHPUR NEWS: भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) शाखा बिंदकी में बुधवार को मुख्य बीमा सलाहकार संगठन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, अभिकर्ताओं के हितों की सुरक्षा तथा संगठनात्मक एकता को और सुदृढ़ बनाने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से उपेंद्र सिंह गौतम को मुख्य बीमा सलाहकार संगठन, बिंदकी का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। इसके साथ ही संजय मिश्रा उर्फ कुलदीप को महामंत्री तथा राकेश कुमार उमराव को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में ज्ञानेंद्र सिंह को उपाध्यक्ष, अरविंद मिश्रा को कोषाध्यक्ष, राकेश वर्मा को संगठन मंत्री तथा इंद्रसेन तोमर एवं जयप्रकाश को सदस्य बनाया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों की घोषणा होते ही शाखा परिसर में उत्साह का माहौल बन गया। संगठन के सदस्यों एवं अभिकर्ताओं ने अध्यक्ष उपेंद्र सिंह गौतम सहित सभी पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से लादकर भव्य स्वागत किया तथा उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उत्तर मध्य क्षेत्र के जोनल अध्यक्ष मान बहादुर सिंह, प्रयागराज मंडल अध्यक्ष विपिन मिश्रा, मंडल संयुक्त मंत्री श्री नारायण मिश्रा तथा मंडल उपाध्यक्ष दिनेश सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की अपेक्षा व्यक्त की। बैठक का समापन संगठन की एकजुटता बनाए रखने तथा बीमा सलाहकारों की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।







