Home उत्तर प्रदेश पीडीए 100 एकड़ में एयरोसिटी का शीघ्र निर्माण करने जा रहा निर्माण

पीडीए 100 एकड़ में एयरोसिटी का शीघ्र निर्माण करने जा रहा निर्माण

एयरोसिटी में मध्यम आय वर्ग के लोगों के लिए प्लाट की बुकिंग शीघ्र होगी शुरू
भूमि अधिग्रहण के लिए सरकार से धनराशि भी मिली
एयरोसिटी के निर्माण के लिए कैबिनेट की सैद्धांतिक सहमति मिली
50 फीसदी धनराशि राज्य सरकार, 50 फीसदी धनराशि पीडीए करेगा वहन: उपाध्यक्ष ऋषिराज
PRAYAGRAJ NEWS: संगम नगरी प्रयागराज में आशियाना बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए बहुत अच्छी खबर है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण प्रयागराज (पीडीए) 30 साल बाद नई आवासीय कॉलोनी बसाने जा रहा है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में 100 एकड़ में एयरोसिटी का शीघ्र निर्माण करने जा रहा है जिसके लिए जल्द ही भूमि अधिग्रहण यानि लैंड एक्विजिशन का भी कार्य शुरू कर दिया जाएगा। पीडीए के उपाध्यक्ष ऋषिराज ने आज बताया कि एयरोसिटी में मध्यम आय वर्ग के लोगों के लिए जल्द ही प्लाट की बुकिंग भी शुरू हो सकेगी जिससे लोगों के लिए घर बनाकर रहने का सपना साकार हो सकेगा।
प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषिराज ने बताया कि एयरोसिटी के निर्माण के लिए कैबिनेट की सैद्धांतिक सहमति भी मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि भूमि अधिग्रहण के लिए सरकार से धनराशि भी मिल गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना में 50 फीसदी धनराशि राज्य सरकार खर्च करेगी। जबकि 50 फीसदी धनराशि प्रयागराज विकास प्राधिकरण द्वारा वहन किया जाएगा।
उन्होंने कहा है कि किसानों से आम सहमति के आधार पर जमीनें खरीदी जाएंगी। जमीन खरीदने के बाद रेरा अप्रूवल कराने के बाद आवासीय और कामर्शियल प्लाट लोगों को मुहैया कराए जाएंगे। इसके अलावा इस योजना में सामुदायिक प्लाट भी निकाले जाएंगे।
प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषिराज ने बताया कि एयरोसिटी योजना के दूसरे चरण में इसके अंदर आईटी आर्ट या आईटी सिटी बसाने की भी योजना है। जो पूरी तरह से हाईटेक होगी और बेंगलुरु की हाइटेक सिटी को टक्कर देगी। एयरोसिटी के अंदर विभिन्न खंडों का भी निर्माण किया जाएगा। एयरोसिटी निर्माण के लिए आम जनता से भी फीडबैक लिया जा रहा है। इस योजना में न्यायिक सेवा से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भी न्याय कॉलोनी बनाए जाने का भी प्रस्ताव है। पीडीए के उपाध्यक्ष ऋषि राज का कहना है कि अलग-अलग वर्ग के लोगों के लिए सस्ते दरों पर कैसे आवासीय प्लाट उपलब्ध कराए जा सकते हैं। इस दिशा में प्रयागराज विकास प्राधिकरण काम कर रहा है। ताकि लोगों की आवासीय समस्या का समाधान हो सके।