पांच लाख रुपए तक मुफ्त इलाज की मिलेगी सुविधा, पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू
BHADOHI NEWS: मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ जिले के पांच हजार शिक्षकों, शिक्षामित्रों व अनुदेशकों और उनके परिजनों को मिलेगा। इसके तहत हर पांच लाख रुपये तक निशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। योजना के क्रियान्वयन के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पॉयलट प्रोजेक्ट के तहत 60 शिक्षकों का कार्ड बन चुका है। जिले में 885 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें चार हजार शिक्षक, 700 शिक्षामित्र और 400 अनुदेशक तैनात हैं। सूबे के मुख्यमंत्री ने शिक्षक दिवस के दिन शिक्षकों, शिक्षामित्र और अनुदेशकों को पांच लाख कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। अब उसको अमली जामा पहनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। शुरूआत में 60 शिक्षकों का कार्ड बनाया गया। अब सभी का कार्ड बनाने के लिए पंजीकरण शुरू किया गया है। इससे शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक अपने परिवार का पांच लाख तक निशुल्क उपचार करा सकेंगे। शिक्षक नेता अरुण पांडेय और मनोज उपाध्याय ने कहा कि यह योजना उनके लिए बड़ी राहत लेकर आई है। गंभीर बीमारी की स्थिति में इलाज पर होने वाले भारी खर्च से अब काफी हद तक सहूलियत मिलेगी। साथ ही परिवार के सदस्यों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हो सकेंगी। बीएसए शिवम पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना क पॉयलट प्रोजेक्ट के तहत 60 शिक्षकों का कार्ड बन चुका है। साथ ही परिषदीय विद्यालयों में तैनात शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।







