Home उत्तर प्रदेश धमकी देने वाले की गिरफ्तारी और लापता बालिका की बरामदगी को लेकर...

धमकी देने वाले की गिरफ्तारी और लापता बालिका की बरामदगी को लेकर एआईएमआईएम का प्रदर्शन

राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर उठाई न्याय की मांग, संगठन विस्तार की भी घोषणा
FATEHPUR NEWS: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला अध्यक्ष एडवोकेट मोहिउद्दीन फारूकी एवं युवा जिला अध्यक्ष क़ासिम सिद्दीकी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर दो महत्वपूर्ण मामलों में कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में युवा जिला अध्यक्ष क़ासिम सिद्दीकी को कथित रूप से सर काटकर जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय लोगों को धमकी देना कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। इसके अलावा संगठन ने जगदीश पासवान की लापता पुत्री की सकुशल बरामदगी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई। पदाधिकारियों का कहना था कि पीड़ित परिवार लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है, इसलिए प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। महिला विंग की पदाधिकारियों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराते हुए दोनों मामलों में न्याय की मांग का समर्थन किया। इस अवसर पर संगठन विस्तार की घोषणा भी की गई। इलियास अहमद को जिला उपाध्यक्ष, रफाक़त हुसैन को हथगाम नगर अध्यक्ष तथा सलीम भाई को ऐरायां ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए संगठन नेतृत्व ने उन्हें जनहित के मुद्दों पर सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया। जिला अध्यक्ष एडवोकेट मोहिउद्दीन फारूकी ने कहा कि एआईएमआईएम हमेशा से पीड़ित, वंचित और जरूरतमंद लोगों की आवाज़ उठाती रही है और आगे भी न्याय के लिए संघर्ष जारी रहेगा। वहीं युवा जिला अध्यक्ष क़ासिम सिद्दीकी ने कहा कि अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ संगठन की आवाज़ आगे भी मजबूती से उठती रहेगी।