Home उत्तर प्रदेश जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, दिए कई अहम...

जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, दिए कई अहम निर्देश

राशन दुकानों के चयन में लापरवाही पर डीएम सख्त, चार बीडीओ का वेतन रोका
– आयुष्मान कार्ड से लेकर राशन व्यवस्था तक की समीक्षा
– पेट्रोल पंपों पर महिला शौचालय और बेबी फीडिंग कक्ष बनाने का सख्त आदेश
FATEHPUR NEWS: जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने सोमवार को पटेल नगर चौराहे के पास स्थित जिला पूर्ति कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था, आयुष्मान कार्ड निर्माण, रिक्त उचित दर दुकानों के चयन तथा पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध जनसुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में संचालित राशन दुकानों की जानकारी प्राप्त की और पूर्ति निरीक्षक को निर्देश दिया कि राशन दुकानों की सूची नगर पालिका के साथ साझा की जाए, जिससे फैमिली आईडी बनाने के कार्य में सुविधा मिल सके। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित कर सभी कोटेदारों की आयुष्मान आईडी प्राप्त करने तथा राशन दुकानों पर आयुष्मान कार्ड और फैमिली आईडी बनाने के कार्य की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी पेट्रोल पंपों पर महिलाओं के लिए शौचालय एवं स्तनपान (बेबी फीडिंग) की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पेट्रोल पंपों पर निर्धारित समय सीमा के भीतर यह व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। रिक्त उचित दर दुकानों के चयन में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिन ग्राम सभाओं में अभी तक खुली बैठक कर प्रस्ताव नहीं भेजे गए हैं, वहां के संबंधित खंड विकास अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रस्ताव प्राप्त होने तक संबंधित बीडीओ का वेतन रोका जाए।
इस क्रम में ग्राम सभा सरौली, त्रिलोचनपुर, ख्योखरी और सोनेमऊ के प्रस्ताव लंबित होने पर बीडीओ विजयीपुर, उरौली, कुर्राकनक और सरवल के प्रस्ताव लंबित होने पर बीडीओ असोथर, ग्राम सभा गौसपुर का प्रस्ताव लंबित होने पर बीडीओ मलवा तथा ग्राम सभा डिघरुआ का प्रस्ताव समय से न भेजे जाने पर बीडीओ अमौली का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी सुनील पुष्कर को 3/7 के लंबित मुकदमों की प्रभावी पैरवी कर उनके शीघ्र निस्तारण के लिए भी निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान एआरओ उमेश शुक्ला सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।