Home उत्तर प्रदेश भुगतान न होने से ठगी पीड़ित जमाकर्ताओं में आक्रोश, आंदोलन तेज करने...

भुगतान न होने से ठगी पीड़ित जमाकर्ताओं में आक्रोश, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

नहर कॉलोनी में हुई मासिक बैठक, जून में राष्ट्रव्यापी आंदोलन की बनाई रणनीति
FATEHPUR NEWS: ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार की मासिक बैठक रविवार को नहर कॉलोनी परिसर में आयोजित हुई। बैठक में चिटफंड कंपनियों में फंसी निवेशकों की रकम के भुगतान न होने पर गहरा रोष व्यक्त किया गया तथा आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार द्वारा 1 सितंबर 2024 से नहर कॉलोनी परिसर में अनिश्चितकालीन आंदोलन चलाया जा रहा है। संगठन की मांग है कि केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए बड्स एक्ट-2019 (BUDS Act 2019) के तहत गरीब, मजदूर, किसान, व्यापारी और अन्य निवेशकों की जमा धनराशि वापस कराई जाए। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में बनाए गए आवेदन पटल पर बड़ी संख्या में निवेशकों ने भुगतान के लिए आवेदन जमा किए हैं और यह प्रक्रिया लगातार जारी है। इसके बावजूद अब तक किसी भी निवेशक को भुगतान नहीं मिल सका है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बैठक में आरोप लगाया गया कि पिछले 22 महीनों से आंदोलन जारी रहने के बावजूद कोई जिम्मेदार अधिकारी आंदोलन स्थल पर आकर निवेशकों की समस्याओं को सुनने नहीं पहुंचा। साथ ही अब तक दिए गए ज्ञापनों पर हुई कार्रवाई की जानकारी भी संगठन को उपलब्ध नहीं कराई गई है। पदाधिकारियों ने मांग उठाई कि आवेदन जमा करने वाले प्रत्येक निवेशक को मुहर और हस्ताक्षर सहित रिसीविंग उपलब्ध कराई जाए। साथ ही बड्स एक्ट-2019 के तहत जमा हुए आवेदनों की संख्या, संबंधित कंपनियों का विवरण और भुगतान प्रक्रिया की स्थिति सार्वजनिक की जाए। संगठन ने एजेंटों की सुरक्षा, तीनों तहसीलों में अलग-अलग आवेदन काउंटर खोलने तथा आंदोलन स्थल पर पेयजल, स्वास्थ्य, सफाई और मोबाइल शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की। बैठक में चेतावनी दी गई कि यदि जल्द ही भुगतान की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई और मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो जून माह में राष्ट्रव्यापी आंदोलन किया जाएगा। संगठन ने कहा कि प्रत्येक निवेशक को उसका पैसा वापस मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। बैठक में जिला अध्यक्ष अंबिका प्रसाद, जिला सचिव सतीश कुमार विश्वकर्मा, जिला युवा अध्यक्ष विनोद कुमार मौर्य, हरिओम प्रजापति, तहसील अध्यक्ष प्रेम कुमार, लोकेश कुमार, प्रदीप कुमार शर्मा, राकेश कुमार साहू, डॉ. राजेंद्र, रामकरण राजपूत, बिंदा प्रसाद, महिला अध्यक्ष रेखा पासवान, अनीता देवी, कौशल्या देवी, ननकी, संगीता सहित बड़ी संख्या में निवेशक एवं संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।