कोरांव प्रयागराज। कोरांव थाना क्षेत्र के तरांव गांव में जेबी इंडेन गैस सर्विस पर गैस लोडिंग व अनलोडिंग करने वाले एक मजदूर की गैस लदे ट्रक की चपेट में आकर मौत हो गई। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के मुताबिक रविंद्र राय पुत्र जंग बहादुर (25) निवासी तरांव थाना कोरांव गांव में ही स्थित जेबी इंडेन गैस सर्विस पर मजदूरी करता था। वह ट्रक पर गैस की लोडिंग और अनलोडिंग का काम करता था। मंगलवार को शाम 7 बजे के करीब जेबी इंडेन गैस सर्विस का एक ट्रक गैस लोड होकर गोदाम पर पहुंचा था। जिसे खाली करने के लिए मजदूर पहुंचे थे। रविंद्र ट्रक को साइड बता रहा था। वह पीछे ध्यान नहीं दिया खाली सिलेंडरों का ढेर रखा हुआ था। साइड बताने के दौरान ट्रक और सिलेंडरों के बीच में मजदूर फंस गया और ट्रक के डाले से दबकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आनन फानन में परिजनों के द्वारा उसे सीएचसी कोरांव ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि अभी परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। जेबी इंडेन गैस सर्विस के ट्रक को गोदाम पर ही खड़ा करा दिया गया है। मामले में तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। मृतक रविंद्र राय दो भाइयों में बड़ा था। पत्नी चंदा देवी इकलौते पुत्र रौनक समेत अन्य पारिवारी जनों का रो-रो कर बुरा हाल था।







