Home उत्तर प्रदेश एनएचएम संविदा कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, 20 मई तक मानदेय न मिलने...

एनएचएम संविदा कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, 20 मई तक मानदेय न मिलने पर कार्य बहिष्कार की चेतावनी

दो माह से वेतन लंबित होने पर कर्मचारियों ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन, “वेतन नहीं तो काम नहीं” आंदोलन का ऐलान

KAUSHAMBI NEWS: उ०प्र० राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ (पंजीकृत) जनपद शाखा-कौशाम्बी ने एनएचएम संविदा कर्मचारियों के मार्च एवं अप्रैल 2026 के लंबित मानदेय भुगतान को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र भुगतान की मांग की है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 20 मई 2026 तक दो माह का बकाया मानदेय नहीं मिला तो 21 मई 2026 से “वेतन नहीं तो काम नहीं” की नीति अपनाते हुए कार्य बहिष्कार किया जाएगा। संघ के जिला मंत्री जितेन्द्र सिंह परमार एवं जिला अध्यक्ष डा० अरुण केशरवानी द्वारा दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि दो माह से वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के चलते बच्चों की फीस, किताबें और घरेलू खर्चों का प्रबंधन करना कठिन हो गया है, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी व्याप्त है। संघ ने प्रशासन से मांग की है that कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर लंबित मानदेय का भुगतान कराया जाए, जिससे संभावित आंदोलन की स्थिति से बचा जा सके। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों एवं प्रांतीय कार्यकारिणी को भी प्रेषित की गई है।