Home उत्तर प्रदेश हेलमेट चालान से नहीं, मौत से बचाता है सुल्तानपुर घोष पुलिस का...

हेलमेट चालान से नहीं, मौत से बचाता है सुल्तानपुर घोष पुलिस का जागरूकता अभियान

सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने चलाया विशेष अभियान
बाजारों व प्रमुख मार्गों पर लोगों को किया गया जागरूक
FATEHPUR NEWS: पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी खागा के पर्यवेक्षण में जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को थाना सुल्तानपुर घोष पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने “हेलमेट चालान से नहीं, मौत से बचाता है” स्लोगन के साथ लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस मौके पर तैयार किए गए पोस्टरों का प्रदर्शन भी किया गया, जिनके माध्यम से आमजन को सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिसकर्मियों ने बताया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का महत्वपूर्ण साधन है। थोड़ी सी लापरवाही किसी भी परिवार के लिए बड़ी त्रासदी बन सकती है, इसलिए सभी लोगों को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। अभियान में वाहन चालकों को सीट बेल्ट पहनने, हेलमेट का उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने की सलाह दी गई। साथ ही नशे की हालत में वाहन न चलाने के प्रति भी जागरूक किया गया। इसी क्रम में थाना सुल्तानपुर घोष पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय मानक हेलमेट का प्रयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी आदत बनाएं, ताकि स्वयं के साथ-साथ दूसरों का जीवन भी सुरक्षित रह सके। अभियान के अंत में पुलिस ने संदेश दिया— “सुरक्षित सफर वही कहलाता है, जो नियमों के साथ निभाया जाता है।” कार्यक्रम को प्रमुख रूप से थाना प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह चंदेल के दिशा निर्देश पर एसआई दिलीप कुमार ने आगे बढ़ाया।