Home उत्तर प्रदेश पाइप पेयजल परियोजनाओं की समीक्षा, जून तक सड़कों को मोटरेबल बनाने के...

पाइप पेयजल परियोजनाओं की समीक्षा, जून तक सड़कों को मोटरेबल बनाने के निर्देश

डीएम ने कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर दिया जोर
धीमी प्रगति पर कार्यदायी संस्था को नोटिस व ब्लैकलिस्ट की चेतावनी
FATEHPUR NEWS: कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में मंगलवार को जल निगम नगरीय एवं ग्रामीण विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने की। बैठक में डीएम ने अधिशासी अभियंताओं से निर्माणाधीन, पूर्ण एवं संचालित परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत पाइप पेयजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया। समीक्षा के दौरान कार्यदायी संस्था ‘गायत्री’ द्वारा भ्रामक रिपोर्ट प्रस्तुत करने और कार्य की धीमी प्रगति पाए जाने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिशासी अभियंता को संस्था के खिलाफ स्पष्टीकरण जारी करने तथा ब्लैकलिस्ट करने की संस्तुति करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं में पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, वहां के सभी मार्गों को हर हाल में जून माह तक मोटरेबल (वाहन चलने योग्य) बनाया जाए। साथ ही जो परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, उनमें सड़कों की मरम्मत कर पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं में छोटे-छोटे कार्य शेष हैं, उन्हें शीघ्र पूर्ण कर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही हर माह निर्धारित लक्ष्य तय कर योजनाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि लंबित कार्यों को एक माह के भीतर पूरा करें तथा हाउसहोल्ड कनेक्शन में तेजी लाएं। साथ ही अधिशासी अभियंता को समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने और व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर जल निगम ग्रामीण एवं शहरी के अधिकारी, विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।