Home उत्तर प्रदेश सपा खराब पार्टी, किसी को लेने की जरुरत नही: केशव प्रसाद

सपा खराब पार्टी, किसी को लेने की जरुरत नही: केशव प्रसाद

प्रदेश के डिप्टी सीएम पहुंचे प्रयागराज, हुआ भव्य स्वागत

कहा कि श्रीराम मंदिर की जांच होगी शीघ्र पूरी, होगी सख्त कार्रवाई
संगम पर होने वाले विश्व योग दिवस पर होंगे आज शामिल

PRAYAGRAJ NEWS: अपने गृह नगर संगम नगरी प्रयागराज के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने आज सपा मुखिया अखिलेश यादव पर पलटवार किया है। भाजपा विधायकों के पाला बदलने के बयान पर डिप्टी सीएम ने कहा है कि अखिलेश यादव को सही समय का इंतजार करना चाहिए। वहीं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के इस दावे पर कि उनके संपर्क में सपा के कई विधायक और सांसद हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि इन बातों में कोई दम नहीं होता है। डिप्टी सीएम ने कहा है कि हम सब लोग भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा है कि भाजपा के पास चुनाव लड़ने वाले इतने योग्य कार्यकर्ता हैं कि सपा जैसी खराब पार्टी के किसी भी व्यक्ति को लेने की कोई आवश्यकता नहीं है। वहीं करणी सेना द्वारा खुद को लेकर दिए गए विवादित बयान पर सवाल पूछे जाने पर डिप्टी सीएम मीडिया से ही सवाल करते नजर आए। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आप इस पर क्या पूछना चाहते हैं। उन्होंने इसे हल्का बयान बताते हुए कहा है कि लोगों को यह भी नहीं पता है कि क्या बोलना चाहिए क्या नहीं बोलना चाहिए। कहा जो किसी के मान सम्मान का ध्यान नहीं रहता है। उनके बारे में कुछ कहना उचित नहीं है। वहीं अयोध्या राम मंदिर में कथित गबन के मामले में डिप्टी सीएम ने कहा है कि पूरे मामले की जांच एसआईटी कर रही है। एसआईटी की जांच रिपोर्ट आने के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि इस बार 100 में 80 सीटें हमारी होगी बाकी में अन्य दलों का बंटवारा होगा। सर्किट हाउस में मीडिया से मुखातिब डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मैं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए प्रयागराज आया हूं। उन्होंने कहा कि यह देश की उपलब्धि है और देश की जय जयकार है कि आज पूरा विश्व अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रहा है। उन्होंने कहा है कि यह देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण संभव हो सका है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र संघ के मंच से यह आह्वान किया कि पूरी दुनिया को योग अपनाना चाहिए। पीएम मोदी की देन है कि आज पूरा विश्व योग दिवस मना रहा है। उन्होंने कहा है कि रविवार 21 जून को हम सभी लोग अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे।