Home उत्तर प्रदेश भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर कोरांव में आक्रोश, दोषी पुलिसकर्मियों...

भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर कोरांव में आक्रोश, दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग

उपजिलाधिकारी कोरांव को सौंपकर सीबीआई जांच, मुआवजा और परिवार को नौकरी देने की उठाई मांग

PRAYAGRAJ NEWS: (मो.फिरोज) बिहार के भोजपुर में जवनिया क्षेत्र के चर्चित समाजसेवी भरत भूषण तिवारी की कथित फर्जी मुठभेड़ में मौत के मामले को लेकर कोरांव क्षेत्र में लोगों में आक्रोश देखने को मिला। शनिवार को तहसील कोरांव में बड़ी संख्या में लोगों ने एकत्र होकर घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। जिला पंचायत सदस्य पिंटू चौबे, चर्चित समाजसेवी एवं नेता प्रमोद मिश्र पयासी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री, राज्यपाल उत्तर प्रदेश तथा बिहार सरकार के मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन तहसील प्रशासन को दिया गया। ज्ञापन में मांग की गई कि कथित फर्जी एनकाउंटर में शामिल पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित किया जाए और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन के माध्यम से मृतक भरत भूषण तिवारी के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस की व्यवस्था तथा पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो लोग आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस दौरान देवराज मिश्रा, अनूप मिश्रा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। लोगों ने मामले में निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।