SIDHARTHNAGAR NEWS: शोहरतगढ़ रेलवे स्टेशन की चेतिया क्रॉसिंग से करीब 50 मीटर पूर्व दिशा में सोमवार सुबह रेलवे लाइन की पटरी के किनारे एक 45 वर्षीय युवक का शव मिलने से स्थानीय ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर स्थानीय पुलिस और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची और शव की पहचान मृतक के पास मिले आधार कार्ड से की। मृतक की पहचान वीरेंद्र यादव पुत्र हरिराम यादव, निवासी ग्राम बसहिया, थाना कठेला समय माता, जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि मृतक वीरेंद्र मुंबई में मजदूरी का काम करता था। बीते 27 जुलाई 2025 को शाम लगभग 4 बजे वह एक प्लास्टिक की थैली में अपने घरेलू कपड़े और अन्य सामान लेकर घर से बिना बताए मुंबई के लिए निकला था। आशंका जताई जा रही है कि सोमवार सुबह वह गोरखपुर जाने वाली गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन से गोरखपुर जा रहा था और इसी दौरान ट्रेन से गिरकर उसकी मौत हो गई। मृतक वीरेंद्र शर्ट और पैंट पहने हुए था, और उसके बगल में वह प्लास्टिक की थैली पड़ी थी जिसमें उसके घरेलू कपड़े आदि थे। मृतक के दाहिने हाथ और सिर में चोट के निशान मिले हैं। घटनास्थल से मृतक के घर की दूरी लगभग 7 किलोमीटर है। घटना स्थल पर मृतक के परिजन रो-रोकर बेहाल थे। वहीं, जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





