MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) शहर के रामबाग स्थित मछली गली में शुक्रवार को शुरुआती मानसून की बारिश के बीच सड़क अचानक धंस गई। सड़क धंसने से बने गहरे गड्ढे में एक मोपेड सवार बुजुर्ग अपनी दो नातिनों के साथ गिर पड़े। हादसे में तीनों घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में दिख रहा है कि गुड्डू खान स्कूल की छुट्टी के बाद अपनी दो नातिनों अदीफा (7 वर्ष) और अजीफा (8 वर्ष) को मोपेड से घर लेकर जा रहे थे। मछली गली में मोपेड मोड़ते ही सड़क अचानक धंस गई और तीनों गहरे गड्ढे में जा गिरे। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग उनकी मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के बाद एहतियातन रास्ते पर आवागमन रोक दिया गया, ताकि कोई अन्य दुर्घटना न हो सके। स्थानीय लोगों ने रास्ता बंद कराने व प्रशासन से जल्द मरम्मत कराकर गड्ढे को सुरक्षित कराने की मांग की।







