विधानसभावार वृहद बैंक ऋण एवं रोजगार मेले आयोजित कराने के निर्देश
JHANSI NEWS: मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में शनिवार को नवीन आयुक्त सभागार में विकास कार्यों, कर-करेत्तर, राजस्व एवं कानून व्यवस्था की मण्डलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को झांसी मण्डल को नवाचार, रोजगार, कौशल विकास और जनभागीदारी के क्षेत्र में एक मॉडल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। मण्डलायुक्त ने कहा कि युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए विधानसभावार वृहद बैंक ऋण एवं रोजगार मेले आयोजित किए जाएं। इन मेलों में विभिन्न विभागों, बैंकों और रोजगार प्रदाता संस्थानों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगारपरक योजनाओं, बैंक ऋण एवं वित्तीय सहायता की जानकारी उपलब्ध कराते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विधानसभा क्षेत्रवार मेले की तिथि एवं स्थान निर्धारित कर व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा एवं बेरोजगार अभ्यर्थी इसमें प्रतिभाग कर सकें। बैंकों एवं संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय से ऋण एवं रोजगार से जुड़े प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें।
स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यमिता को मिले बढ़ावा
मण्डलायुक्त ने कहा कि स्थानीय संसाधनों एवं जनपद की विशेषताओं के अनुरूप उद्यमिता, स्टार्टअप और नवाचार को प्रोत्साहित किया जाए। विभागीय योजनाओं को आपस में जोड़ते हुए ऐसा समग्र विकास मॉडल तैयार किया जाए, जिसमें युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर मिल सकें।
बड़े बकायेदारों के नाम प्रदर्शित करने के निर्देश
सहकारिता विभाग की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने बड़े बकायेदारों के नाम सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने तथा वसूली संबंधी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारियों एवं मुख्य विकास अधिकारियों को सहकारिता विभाग के कार्यों की नियमित समीक्षा करने को कहा। मण्डियों में नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी मंडी सचिव को दिए गए। गरीब परिवारों और श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर मण्डलायुक्त ने निर्धनतम परिवारों का डोर-टू-डोर सत्यापन कराने तथा अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रमिकों के बच्चों को चिन्हित कर श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ दिलाने और मातृत्व वंदन योजना में प्रगति बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के प्रकरणों में शिकायतकर्ताओं से व्यक्तिगत अथवा फोन पर वार्ता कर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जीरो पावर्टी अभियान को प्राथमिकता मण्डलायुक्त ने कहा कि जीरो पावर्टी कार्ययोजना के तहत पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर सभी कल्याणकारी योजनाओं से संतृप्त किया जाए। गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री जनआरोग्य योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, निराश्रित महिला पेंशन, उज्ज्वला कनेक्शन, श्रम कार्ड सहित अन्य योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री एवं फैमिली आईडी की प्रगति बढ़ाने के साथ मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना, फसल बीमा एवं किसान सम्मान निधि का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। नंबर प्लेट और सड़क सुरक्षा पर सख्ती परिवहन विभाग की समीक्षा में मण्डलायुक्त ने आरटीओ को निर्देशित किया कि निर्धारित मानकों के विपरीत छोटे-बड़े अथवा अस्पष्ट नंबर प्लेट लगाने वाले वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। सड़क सुरक्षा को लेकर नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया गया। अपराध और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने चौराहों पर अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रखने तथा पुलिस की पैदल गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। अवैध शराब के उत्पादन एवं बिक्री, गैंगस्टर, भूमाफिया और शराब माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया। उन्होंने चैन स्नैचिंग की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, एंटी भू-माफिया अभियान, ओवरलोड वाहनों पर रोक और अवैध खनन के मामलों में संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में एनएचएआई के सहयोग से पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा थानों में जनसुनवाई की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को भी कहा। बैठक में नगरीय विकास, अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण, बेसिक विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने, स्वच्छता अभियान, गौशाला मार्गों की मरम्मत, ऑनलाइन खेत निस्तारण, राजस्व वसूली, जीएसटी, स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, लखपति दीदी, छात्रवृत्ति, प्रोजेक्ट अलंकार, पेंशन योजनाओं, पीएमश्री, पीएम स्वनिधि, खाद्य आपूर्ति, निराश्रित गौवंश संरक्षण सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई और प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बैठक में आईजी आकाश कुलहरि, जिलाधिकारी झांसी गौरांग राठी, जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी ललितपुर सत्यप्रकाश, सीडीओ झांसी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष सैनी, अपर आयुक्त प्रशासन कुंवर पंकज, एडीएम प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, एडीएम वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के मण्डलीय अधिकारी उपस्थित रहे।







