नई रेल लाइन, ट्रेन ठहराव, एफओबी और अंडरपास समेत 7 प्रस्ताव महाप्रबंधक को सौंपे
MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) प्रयागराज सिविल लाइन में स्थित होटल कन्हा श्याम के सभागार में महाप्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज की अध्यक्षता में एवं सांसदगणों के साथ रेल यात्रियों की सुविधाओं तथा रेल अवसंरचना विकास से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में डॉ. एस. पी. पटेल, राष्ट्रीय सचिव, चिकित्सा मंच सांसद, मीरजापुर एवं केंद्रीय राज्य मंत्री, भारत सरकार अनुप्रिया पटेल के प्रतिनिधि के रूप में सम्मिलित हुए। बैठक के दौरान डॉ. एस. पी. पटेल ने मीरजापुर जनपद एवं आसपास के क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास तथा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण जनहितकारी प्रस्ताव प्रस्तुत किए: मीरजापुर से लूसा वाया मड़िहान नई रेलवे लाइन का निर्माण।चुनार रेलवे स्टेशन पर राष्ट्रीय राजमार्ग-135 की ओर द्वितीय प्रवेश द्वार का निर्माण। मीरजापुर से लखनऊ तक त्रिवेणी एक्सप्रेस के अतिरिक्त एक नई सीधी ट्रेन का संचालन। लूसा रेलवे स्टेशन पर मूरी एक्सप्रेस के पुनः ठहराव।नारायणपुर बाजार में फुट ओवर ब्रिज का निर्माण । अकोढ़ी स्थित रेलवे अंडरब्रिज के पास जलभराव की स्थायी समस्या के समाधान हेतु फ्लाईओवर अथवा उपयुक्त संरचना का निर्माण। नारायणपुर रेलवे स्टेशन के मध्य स्थित पुरुषोत्तमपुर बाजार, देवी माँ शिवशंकरी धाम मंदिर, ग्राम भरेहठा एवं ग्राम पंचायत बसकड़ी के आवागमन को सुगम बनाने हेतु अंडरपास का निर्माण। डॉ. एस. पी. पटेल ने कहा कि इन सभी प्रस्तावों के क्रियान्वयन से क्षेत्र के लाखों नागरिकों, किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, श्रद्धालुओं एवं रेल यात्रियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति प्राप्त होगी। बैठक में महाप्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे ने सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक परीक्षण एवं नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी क्षेत्र के विकास एवं यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार के लिए सकारात्मक पहल की आवश्यकता पर बल दिया।







