Home उत्तर प्रदेश विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही, 20 दिनों से 150 घरों में पसरा...

विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही, 20 दिनों से 150 घरों में पसरा अंधेरा

FATEHPUR NEWS: हथगाम ब्लॉक अंतर्गत सिठौरा ग्राम सभा के नवापुरवा एवं खुटारेपर गांव में विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते करीब 150 घर पिछले 20 दिनों से अंधेरे में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों के अनुसार 13 मई को आए तेज तूफान के बाद गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी, लेकिन अब तक विभाग द्वारा समस्या का समाधान नहीं कराया गया है। भीषण गर्मी के बीच बिजली न होने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अंधेरे के कारण जहरीले सांप और बिच्छुओं का खतरा भी बढ़ गया है, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि 31 मई की शाम अंधेरे में मेवालाल की बहू खाना बना रही थी, तभी उसे जहरीले सांप ने डस लिया। परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हथगाम ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल फतेहपुर रेफर कर दिया गया। देर रात उपचार के बाद उसकी जान बच सकी। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की एलटी लाइन में खराबी आने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित है, लेकिन कई बार शिकायत के बावजूद विभाग ने समस्या का समाधान नहीं कराया। ग्रामीणों ने जेई हथगाम से तत्काल लाइन दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। करीब 20 दिन बीत जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीण फूल सिंह यादव, श्रीराम यादव, संदीप यादव, लक्ष्मण और मेवालाल सहित अन्य लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी बड़े संगठन के सहयोग से आंदोलन शुरू किया जाएगा।