JHANSI NEWS: जीआरपी झांसी को ट्रेनों एवं रेलवे प्लेटफार्मों पर होने वाली चोरी की घटनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। थाना जीआरपी झांसी की टीम ने एक अंतर्राज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का लाखों रुपये का माल बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक रेलवे झांसी के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक रेलवे झांसी के पर्यवेक्षण में कार्रवाई करते हुए जीआरपी टीम ने रेलवे स्टेशन झांसी के प्लेटफार्म संख्या 1/7 के समीप दिल्ली एंड की ओर रोलिंग परीक्षण हट के आगे स्थित पंपिंग सेट के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गौरव पाठक उर्फ मुकेश उर्फ लूला (38 वर्ष) पुत्र शंभू पाठक निवासी पपरौन वार्ड नंबर-03 थाना बरौनी, जिला बेगूसराय (बिहार), हाल पता गली नंबर-18, बेहटा रेलवे स्टेशन के पास, थाना लोनी, जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक आईफोन मोबाइल, दो बैग, दो जोड़ी कान की बाली, एक पेंडल, दो जोड़ी पायल, दो जोड़ी बिछिया, एक डेंटल किट तथा 5,140 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ट्रेनों और प्लेटफार्मों पर यात्रियों की निगरानी कर मौका पाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा एवं चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।







