SIDHARTHNAGAR NEWS: शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक माह के द्वितीय एवं चतुर्थ शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस के तहत शनिवार को थाना सिद्धार्थनगर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन की उपस्थिति में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। थाना समाधान दिवस में पहुंचे शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद, वरासत, बंटवारा सहित अन्य प्रकरणों का मौके पर जाकर निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षकों एवं लेखपालों को निर्देश दिया कि नाली, चकमार्ग, जमीन बंटवारा तथा अवैध कब्जा/पट्टा से संबंधित मामलों में शिकायतकर्ता की उपस्थिति में मौके पर जाकर कार्यवाही की जाए। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस बल के साथ जाकर विवादों का समाधान किया जाए और अधिकतम मामलों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। लंबित प्रकरणों को किसी भी स्थिति में न छोड़ा जाए। इस दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि विवादों को आपसी सहमति से सुलझाने का प्रयास करें और किसी प्रकार के झगड़े से बचें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी मामलों का निष्पक्ष समाधान कराया जाएगा। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी नौगढ़ राहुल सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर अजय सिंह, थानाध्यक्ष सिद्धार्थनगर सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







